Ranchi : रामनवमी के मौके पर राजधानी रांची में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और बारिश के बावजूद रामभक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। शहर के अलग-अलग इलाकों से निकली शोभायात्राओं में श्रद्धालुओं का जोश देखने लायक रहा। “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा शहर देर शाम तक गूंजता रहा।
बारिश के बीच भी श्रद्धालु हाथों में महावीरी झंडे लिए आगे बढ़ते रहे। लाल और पीले झंडों से सजी सड़कें भक्ति के रंग में रंगी नजर आईं। कई जगहों पर युवाओं ने लाठी-डंडे के साथ पारंपरिक करतब दिखाए, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोग इस आयोजन में शामिल दिखे।
शहर के मेन रोड, अल्बर्ट एक्का चौक, हिंदपीढ़ी, डोरंडा समेत कई प्रमुख इलाकों से शोभायात्राएं निकलीं। जगह-जगह श्रद्धालुओं पर फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया गया। बारिश के बावजूद किसी ने कदम पीछे नहीं खींचे, बल्कि भीगते हुए भी रामभक्त पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे।
प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती रही और ड्रोन के जरिए निगरानी की गई। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए थे ताकि आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। कुल मिलाकर, खराब मौसम भी रांची में रामनवमी की आस्था और उत्साह को डिगा नहीं सका।
Also Read : रामनवमी पर अखाड़े में उतरे पहलवान, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने की हौसला अफजाई


