खिजरी के पूर्व विधायक दुति पाहन का निधन, मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

रांची :  खिजरी विधानसभा के पूर्व विधायक सह भाजपा नेता दुति पाहन का आज सुबह निधन हो गया। 74 वर्ष की उम्र में रांची के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। परिजनों के मुतााबिक सोमवार को फूल तोड़ रहे थे। इस दौरान उन्हें चक्कर आया। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान ही सुबह 5:30 बजे मेदांता हॉस्पिटल में उनका निधन हो गया।

खिजरी विधानसभा से साल 1995 और 2000 में भाजपा के दुति पाहन लगातार दो बार विधायक चुने गए थे। इसके अलावा एक बार वे बिहार विधानसभा में एमएलसी भी थे। इसके अलावा वे पूर्व अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी थे। उनके निधन पर सांसद संजय सेठ, पूर्व सांसद राम टहल चौधरी, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, भाजपा प्रदेश महामंत्री आशीष साहू, उपप्रमुख जय गोविंद साहू, पूर्व प्रमुख चंपा देवी, प्रेमचंद महतो सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं ने दुख जताया है।

वे अपने पीछे दो पत्नी दसवीं देवी और नीरू पुष्पा तोप्पो, बेटी बसंती देवी, गीता देवी, सविता देवी, डॉ ललिता देवी, अनीता देवी, पुत्र अशोक कुमार चौहान, बेटी अमृता कुमारी, शिखा कुमारी सहित भरा पूरा परिवार छोड़कर गए हैं। इधर, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिवार द्वारा भी दुख जताया गया है। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में विगत कई वर्षों से 15 अगस्त और 26 जनवरी को वह बतौर मुख्य अतिथि झंडोत्तोलन किया करते थे। विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि इस वर्ष भी उन्हीं के द्वारा झंडोत्तोलन होना था। उन्होंने कहा की उनका अचानक जाना इलाके के लिए के अपूर्णीय क्षति है। वहीं, खिजरी विधानसभा क्षेत्र के अनगड़ा व नामकुम प्रखंड में भी शोक की लहर है।