Jamshedpur : झारखंड के पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता दुलाल भुईयां ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया। भुईयां ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब बदलाव की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “इस बार जनता भाजपा की सरकार बनाना चाहती है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का घमंड टूटना तय है।”
जनता की समस्याओं पर सरकार की लापरवाही
भुईयां ने कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे लगातार बढ़ रहे हैं। उनका कहना था कि इन कारणों से आम लोग परेशान हैं और राज्य सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत नहीं
भुईयां ने हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या किसी भी मंत्री ने उनका स्वागत प्रोटोकॉल के तहत नहीं किया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक पदों के प्रति असम्मान बताया। भुईयां ने कहा कि इस घटना से आदिवासी समाज में खासा नाराजगी है क्योंकि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं।
भाजपा का विकास मॉडल
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ इन वर्गों तक पहुँच रहा है, जबकि पश्चिम बंगाल की सरकार इनके विकास के प्रति गंभीर नहीं है। भुईयां ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी समर्थन मिलेगा।
Also Read : पलामू में दो मासूम बच्चों को पुल पर छोड़ मां ने लगा दी नदी में छलांग, हालत गंभीर

