Jamtara : नगरपालिका (आम) निर्वाचन चुनाव 2026 को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद ने की। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को चुनाव से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
उपायुक्त ने बताया कि 27 जनवरी को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही नगर पंचायत जामताड़ा और नगर परिषद मिहिजाम क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
दोनों नगर निकायों में इतने मतदाता डालेंगे वोट
उपायुक्त ने बताया कि मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) के 20 वार्डों के लिए कुल 39 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 37,056 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 18,611 पुरुष, 18,442 महिलाएं और 3 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
वहीं, जामताड़ा नगर पंचायत के 16 वार्डों के लिए 28 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 26,467 मतदाता हैं, जिनमें 13,165 पुरुष और 13,302 महिलाएं शामिल हैं।
गैर दलीय आधार पर होगा चुनाव
उपायुक्त ने बताया कि नगर निकाय चुनाव गैर दलीय आधार पर कराए जाएंगे। अध्यक्ष और वार्ड पार्षद का चुनाव प्रत्यक्ष रूप से होगा, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव होगा। मिहिजाम नगर परिषद और जामताड़ा नगर पंचायत दोनों में अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित (अनारक्षित महिला) है।
13 कोषांगों का किया गया गठन
चुनाव के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है। इनमें कार्मिक, मतपत्र एवं मतपेटिका, सामग्री, परिवहन, विधि व्यवस्था, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, सूचना तकनीकी, नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन, जन शिकायत और नगर पालिका निर्वाचन कोषांग शामिल हैं। सभी कोषांगों में वरीय, नोडल और प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है।
नामांकन के लिए निर्धारित किए गए स्थान
उपायुक्त ने बताया कि जामताड़ा नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन अपर समाहर्ता के कक्ष में लिया जाएगा। वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन एनआईसी कार्यालय के पास स्थित हॉल में होगा।
मिहिजाम नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन उप निर्वाचन पदाधिकारी के कक्ष में होगा। वार्ड संख्या 1 से 7 के लिए नामांकन जिला भू अर्जन पदाधिकारी के कक्ष में और वार्ड संख्या 8 से 20 के लिए जिला राजस्व शाखा के पास स्थित हॉल में लिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था होगी कड़ी
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि दोनों नगर निकायों में शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए 11 चेकपोस्ट बनाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य अवैध शराब और नकदी के आवागमन को रोकना है।
उन्होंने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने वाले और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गश्त और जांच अभियान को भी तेज किया जाएगा। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार पुलिस प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा।
कई अधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला भू अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
Also Read : जामताड़ा में चुनावी बिगुल, झामुमो के समर्थन से चमेली देवी की एंट्री

