रांची: झारखंड की बहुचर्चित झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में धांधली और फर्जीवाड़े के तार अब देवघर जिले से जुड़ गए हैं. सीआईडी की एसआईटी ने रिखिया थाना पुलिस की मदद से बैजनाथपुर स्थित बंधा इलाके में छापेमारी कर एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए उठाया है.
जिस युवक को सीआईडी ने पूछताछ के लिए उठाया है उसका नाम सुधाकर यादव बताया जाता है. सीआईडी को सुधाकर के पास से कई अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, चेकबुक और अन्य कई अहम दस्तावेज बरामद होने की सूचना हैं. संदिग्ध युवक सुधाकर मूल रूप से सीमावर्ती बिहार के बांका जिले (जयपुर थाना क्षेत्र) का निवासी है और वर्ष 2018 से रांची स्थित राज्य सचिवालय में लिपिक के पद पर कार्यरत था.
दुमका ट्रांसफर का बहाना, सीआईडी से बचने के लिए छिपा था आरोपी
संदिग्ध युवक सुधाकर ने पूछताछ में दावा किया कि उसका तबादला दुमका हो जाने के कारण वह देवघर में रह रहा था. हालांकि, जांच एजेंसियों का मानना है कि सीआईडी की कार्रवाई और संभावित गिरफ्तारी से बचने के लिए वह देवघर में छिपा हुआ था.

