Garhwa : सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में डीसी दिनेश कुमार यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए चिनियाँ अंचल कार्यालय में पदस्थ राजस्व उप निरीक्षक विनोद कुमार रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। डीसी की इस कार्रवाई से जिला प्रशासन में हलचल मच गई है।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों डीसी चिनियाँ प्रखंड के क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी राकेश यादव ने उनसे मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में कहा गया कि वह अपनी पैतृक जमीन की रसीद कटवाने के लिए पिछले चार महीनों से हल्का संख्या 06 के राजस्व उप निरीक्षक के चक्कर काट रहे थे। सभी आवश्यक कागजात जमा करने के बावजूद रसीद नहीं काटी जा रही थी। साथ ही कर्मचारी द्वारा धमकाने का भी आरोप लगाया गया था।
जांच में खुली हकीकत
शिकायत मिलते ही डीसी ने मौके पर जांच कराई। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित राजस्व उप निरीक्षक कार्यालय से अनुपस्थित थे, जबकि उपस्थिति पंजी और ऑनलाइन पोर्टल पर उनकी हाजिरी दर्ज थी। अधिकारियों द्वारा संपर्क किए जाने और संदेश भेजे जाने के बावजूद वे जांच के दौरान उपस्थित नहीं हुए।
अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन
डीसी ने इस पूरे मामले को गंभीर अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता और सरकारी सेवक आचार नियमावली का उल्लंघन माना। झारखंड सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली 2016 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी किया गया।
नया मुख्यालय और विभागीय जांच
निलंबन अवधि के दौरान विनोद कुमार रंजन का मुख्यालय अंचल कार्यालय भवनाथपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही चिनियाँ अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे आरोपी कर्मचारी के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर एसडीओ रंका के माध्यम से उपलब्ध कराएं, ताकि विभागीय जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा
निलंबन अवधि में कर्मचारी को नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। यह भत्ता उपस्थिति विवरणी के आधार पर मूल पदस्थापन कार्यालय से मिलेगा।
डीसी का संदेश
डीसी दिनेश कुमार यादव ने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं में अनियमितता, काम में लापरवाही और गलत कार्यशैली किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई तय है।
Also Read : पेसा कानून पास होने पर झामुमो ने रांची में मनाया जश्न


