Jamtara : झारखंड के जामताड़ा में ईद के मौके पर दिनदहाड़े झपटमारी की घटना ने लोगों को हिला दिया। जामताड़ा थाना क्षेत्र के सरखेलडीह मोहल्ले में एक महिला अपने घर के बाहर कपड़े सुखा रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उसके कान से बाली झपटकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला को कुछ समझ ही नहीं आया। झपट्टा मारते वक्त उसके कान में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा।
दो लाख से ज्यादा की ज्वेलरी लूटी
घटना के बाद महिला ने तुरंत अपने पति इकबाल अंसारी को जानकारी दी। वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनकी पत्नी घायल है और कान की बाली गायब है। परिजनों के मुताबिक छीनी गई बाली की कीमत करीब दो लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
मोहल्ले में गुस्सा और डर का माहौल
दिन के उजाले में रिहायशी इलाके में इस तरह की वारदात से स्थानीय लोग गुस्से में हैं। लोगों का कहना है कि जब घर के बाहर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो कानून-व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताने लगे।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
लोगों की मांग, गश्त बढ़ाई जाए
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते सख्ती नहीं हुई, तो ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं।
Also Read : जमशेदपुर में अंश की बहादुरी का जलवा, जोखिम उठाकर ले आए 45,000 मीट्रिक टन गैस


