Hazaribagh : हजारीबाग जिले के बरही में शुक्रवार को दिनदहाड़े बैंक लूट की बड़ी घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में घुसे चार हथियारबंद अपराधियों ने करीब दो करोड़ रुपये का सोना और लगभग 5 लाख रुपये नकद लूट लिया। घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। अपराधियों ने जिस शांत तरीके और पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि उन्हें बैंक की अंदरूनी जानकारी पहले से थी। पुलिस भी इस पहलू पर जांच कर रही है।
चेहरे छिपाकर पहुंचे थे चारों अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों अपराधी चेहरे छिपाकर बैंक पहुंचे थे। एक ने हेलमेट पहन रखा था, एक मास्क लगाए था, जबकि दो अन्य गमछे से चेहरा ढके हुए थे। सभी के हाथों में देशी हथियार थे। बैंक में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों को डराना शुरू कर दिया। विरोध करने पर कर्मियों के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद सभी कर्मचारियों को अपने कब्जे में लेकर लॉकर खुलवाया गया।
लॉकर से सोना, काउंटर से नकदी लेकर फरार
बदमाशों ने बैंक के लॉकर में रखा करीब दो करोड़ रुपये का सोना निकाल लिया। इसके अलावा काउंटर से लगभग 5 लाख रुपये नकद भी लूट लिया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने कुछ अन्य लॉकर भी खंगाले। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने बैंक को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई तुरंत बाहर निकलकर उनका पीछा न कर सके। इसके बाद वे आराम से मौके से फरार हो गए।
किसी तरह बाहर निकलकर दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद बैंककर्मियों ने किसी तरह बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
नई शाखा में इतनी बड़ी लूट से उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की यह शाखा करीब 7 से 8 महीने पहले ही शुरू हुई थी। इतने कम समय में इतनी बड़ी लूट की घटना ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके के लोगों में घटना को लेकर डर और नाराजगी दोनों है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े बैंक में इस तरह की लूट होना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Also Read : राघव चड्ढा के BJP में शामिल होने पर मच गया राजनीतिक कोहराम, संजय सिंह ने लगाया ‘ऑपरेशन लोटस’ का आरोप

