Hazaribagh : बड़कागांव थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। हथियारबंद बदमाशों ने पत्थर (छरी) लदे एक हाईवा को रोककर उसमें आग लगा दी। इस घटना में वाहन का इंजन और चेचिस पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि डाला को किसी तरह आग से बचा लिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुड़कट्टी चौक के पास हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार घटना बड़कागांव थाना क्षेत्र के होरम–हरली पथ पर मुड़कट्टी चौक के पास बीती रात करीब 11 बजे हुई। बताया जाता है कि हाईवा इचाक से छरी लोड कर हरली गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मुड़कट्टी चौक के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर हाईवा को रुकवा लिया। इसके बाद चालक को जबरन नीचे उतार दिया गया। चालक के उतरते ही बदमाशों ने वाहन के इंजन और चेचिस में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
इंजन और चेचिस जलकर खाक
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना के एसआई राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही अग्निशमन दल को भी बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक हाईवा का इंजन और चेचिस पूरी तरह जल चुका था। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन के डाला को किसी तरह आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
नए थाना प्रभारी के प्रभार के कुछ घंटों बाद ही वारदात
इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल बड़कागांव थाना में हाल ही में थाना प्रभारी का बदलाव हुआ है। पूर्व थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता को क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के कारण लाइन हाजिर किए जाने की चर्चा है। उनकी जगह दीपक कुमार सिंह को नया थाना प्रभारी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने रविवार शाम करीब सात बजे ही प्रभार संभाला था और कुछ ही घंटों बाद यह बड़ी वारदात हो गई।
हाल के दिनों में बढ़ी हैं आपराधिक घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बड़कागांव थाना क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं। हाल ही में नापोखुर्द गांव में हुए खूनी संघर्ष में दो लोगों की हत्या और छह लोगों के घायल होने की घटना से इलाके में पहले ही तनाव बना हुआ है।


