Jamshedpur : नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत जमशेदपुर पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाते हुए सीतारामडेरा और मानगो थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान छह नशा तस्कर पकड़े गए। पुलिस ने इनके पास से 60 पुड़िया ब्राउन शुगर और 7400 रुपये नकद बरामद किए हैं।
सीतारामडेरा क्षेत्र में स्लैग रोड से बादल बनिया और गौराम राम को गिरफ्तार किया गया। वहीं मानगो पुल के पास से पुलिस ने शिवाजी गोप उर्फ नाडु, सर्जन कुमार उर्फ साजन, अता मोहम्मद और टुनटुन यादव को पकड़ा।
डीएसपी मुख्यालय-1 भोला प्रसाद सिंह ने बताया कि नशे के कारोबार को रोकना पुलिस की प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े गए सभी आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। बादल बनिया पर चोरी और एसडीपीएस एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं, जबकि गौराम राम भी टकलू हत्याकांड समेत कई मामलों में आरोपी रह चुका है। मानगो से गिरफ्तार लोग भी अपराधों में पहले शामिल रहे हैं।
उधर, हाल ही में पुलिस ने परसुडीह क्षेत्र के आबिद खान को ब्राउन शुगर की तस्करी बढ़ाने के आरोप में तड़ीपार कर दिया था। पुलिस का कहना है कि शहर को नशामुक्त बनाने का अभियान अभी जारी रहेगा।


