Pakur : पाकुड़ जिले के डांगापाड़ा उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक आनंद कुमार भगत को “स्टार एजुकेशन अवॉर्ड्स 2025” के लिए चुना गया है। यह अवॉर्ड ESFE और टाइम्स ऑफ इंडिया की तरफ से दिया जाता है, और इसका चुनाव होना पूरे जिले के लिए बड़ी खुशी की बात है।
आनंद भगत को “झारखंड पाकुड़ के बेस्ट प्रिंसिपल” कैटेगरी में चुना गया है। स्कूल में पढ़ाई सुधारने, बच्चों के विकास पर ध्यान देने और नए तरीके अपनाने के लिए उन्हें यह सम्मान मिल रहा है। उनके आने के बाद स्कूल में पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ है, बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ दूसरी गतिविधियों में भी अच्छा कर रहे हैं।
ग्रामीण इलाके में होने के बावजूद स्कूल का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है, जिसका बड़ा श्रेय आनंद भगत को जाता है। अवॉर्ड मुंबई के गोरेगांव स्थित बॉम्बे एग्ज़िबिशन सेंटर में दिया जाएगा, जहाँ देशभर के बड़े शिक्षाविद मौजूद रहेंगे।
अवॉर्ड के लिए चुने जाने पर आनंद भगत ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे स्कूल परिवार की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने सभी शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों का धन्यवाद किया और कहा कि वे आगे भी स्कूल को और बेहतर बनाने की कोशिश जारी रखेंगे।
Also Read : जमशेदपुर में नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, छह गिरफ्तार


