Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अनुसूचित जाति (एससी) विभाग के जिला अध्यक्षों और कार्यकारिणी की अहम बैठक शनिवार को कांग्रेस भवन स्थित लंबोदर पाठक सभागार में हुई। बैठक में संगठन विस्तार, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका, सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश प्रभारी राहुल राज, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष केदार पासवान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश कार्यालय प्रभारी राजू राम ने किया।
बैठक के बाद राहुल राज ने कहा कि राज्य में कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने के लिए अनुसूचित जाति विभाग को सशक्त बनाने पर गंभीर मंथन हुआ है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित वर्ग को प्राप्त संवैधानिक अधिकारों की प्रभावी प्राप्ति के लिए विभाग संगठित और सुनियोजित तरीके से अपने मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाएगा।
प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष केदार पासवान ने कहा कि राज्य के अनुसूचित जाति समाज के लोग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान में एआईसीसी और प्रदेश कांग्रेस कमिटी से मिलने वाले सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश भर के सभी जिलों से अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष और पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर राजू दास, पिंटू कुमार तुरी, भुनेश्वर राम, मुकेश कुमार पासवान, सुदेश राम, दशरथ पासवान, सोनू नायक, मनोज कुमार पासवान, प्रशांत किशोर, अमल दास, शंभू रविदास, संजय पासवान, सुनिता मुखी सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
Also Read : मनरेगा को लेकर केंद्र रहा अडिग, तो करेंगे व्यापक आंदोलन : विधायक सोमेश सोरेन


