Ranchi : नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांके थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 45 बोतल कफ सिरप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 9800 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। एसएसपी राकेश रंजन रांची के निर्देश और रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के मार्गदर्शन में कांके थाना क्षेत्र में लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे कांके थाना की गश्ती टीम ने बोडिया पुल के पास वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान दो स्कूटी सवार पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विनोद गोप (46 वर्ष), और नयन सेन (37 वर्ष) बताया।
तलाशी के दौरान स्कूटी संख्या JH01GA-1137 से विनोद गोप के पास से 3700 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल मिला। स्कूटी की डिक्की से 24 बोतल कफ सिरप बरामद की गई। वहीं दूसरी स्कूटी संख्या JH01GD-0277 से नयन सेन के पास से 6100 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ। उसकी स्कूटी की डिक्की से 21 बोतल कफ सिरप मिली। कुल मिलाकर पुलिस ने 45 बोतल कफ सिरप जब्त की।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित रूप से नशीली दवाओं की खरीद कर ऊंचे दामों पर बोडिया, एदलहातु और चिरौंदी इलाके में बिक्री करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दवा सप्लायर की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में कांके थाना प्रभारी प्रकाश कुमार रजक के साथ एसआई अरविंद कुमार, रोशन कुमार सिंह, सतीश कुमार, एएसआई मंगल हेंब्रम और कांके थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे। डीएसपी अमर पांडेय ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।
Also Read : मनरेगा को लेकर केंद्र रहा अडिग, तो करेंगे व्यापक आंदोलन : विधायक सोमेश सोरेन


