Ranchi : रांची में लगातार बढ़ रही ठंड और मौसम विभाग की शीतलहर संबंधी चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जिले में संचालित सभी कोटि के स्कूलों में कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार रांची जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी स्कूलों में कक्षा KG से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई 9 जनवरी से 10 जनवरी तक बंद रहेगी। इस दौरान किसी भी विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं होंगी।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, क्योंकि सुबह और शाम के समय ठंड का प्रभाव अधिक देखा जा रहा है।
हालांकि, सभी कोटि के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। वे निर्धारित अवधि में अपनी उपस्थिति दर्ज करते हुए गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानी बरतें।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड का प्रकोप बना रह सकता है। जिला प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर रखने की बात कही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Also Read : मारपीट के बाद कार से कुचल दिया था युवक को, पुलिस ने युवती सहित तीन को दबोचा


