Ranchi : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के मून डिस्को बार के बाहर हुए विवाद में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 4 जनवरी की रात करीब 12 बजे की है। जानकारी के अनुसार, लालपुर चौक के पास स्थित मून डिस्को बार में एक युवती के साथ दूसरे पक्ष के युवक द्वारा छेड़खानी और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। आरोपी की पहचान को लेकर युवती के साथ आए पक्ष और दूसरे पक्ष के बीच बार के बाहर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अंकित कुमार सिंह ने रौशन प्रसाद पर पत्थर से हमला किया और युवती को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
इसके बाद रौशन प्रसाद ने जान मारने की नीयत से चार पहिया वाहन से अंकित कुमार सिंह को कुचल दिया। इस घटना में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रिम्स, रांची ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में अंकित के दोस्तों द्वारा शव को गढ़वा ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद गढ़वा थाना में जीरो एफआईआर दर्ज की गई।
गढ़वा थाना से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर लालपुर थाना कांड संख्या 05/26 दर्ज की गई। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त रमनदीप सिंह उर्फ रोमी (23 वर्ष), निवासी कुराईन पतरा, थाना लेस्लीगंज, जिला पलामू तथा रौशन प्रसाद (22 वर्ष), निवासी बड़गड़, थाना बड़गड़, जिला गढ़वा को रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड सुंडिल से गिरफ्तार किया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त डिजायर कार (पंजीयन संख्या JH01GD-2216) बरामद की गई।
अनुसंधान के दौरान रौशन प्रसाद की महिला साथी दिव्या भारती (19 वर्ष), वर्तमान निवासी सरस्वती गर्ल्स हॉस्टल, लालपुर, रांची को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से दो मोबाइल फोन (रियलमी नारजो और वीवो कंपनी के) बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
सीनियर सिटी डीएसपी के.वी. रमण, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। यह जानकारी रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया के साथ साझा की। एसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : आजादनगर छिनतई कांड का खुलासा : दो युवक गिरफ्तार, नाबालिग निरूद्ध


