Jamtara : जामताड़ा शहर स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स में शुक्रवार को शैक्षणिक एग्जीबिशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं की प्रतिभा और रचनात्मकता खुलकर सामने आई। विज्ञान, तकनीक, कंप्यूटर और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर तैयार किए गए मॉडल और प्रोजेक्ट प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं और शिक्षकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
छात्राओं के मॉडल ने खींचा सबका ध्यान
प्रदर्शनी में छात्राओं ने कई रोचक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। विज्ञान और तकनीक से जुड़े प्रोजेक्ट के साथ-साथ कंप्यूटर और साइबर सुरक्षा पर भी कई मॉडल लगाए गए थे। कुछ छात्राओं ने साइबर हैकिंग और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी मॉडल बनाकर लोगों को जागरूक करने की कोशिश की।
इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी नवाचार से जुड़े कई चार्ट और मॉडल भी लगाए गए थे, जिन्हें देखने के लिए काफी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक पहुंचे।
ऐसी प्रदर्शनी से बढ़ता है आत्मविश्वास : डीईओ
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम ने छात्राओं और शिक्षकों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस एग्जीबिशन को सफल बनाने में सभी स्टूडेंट्स और टीचर्स ने काफी मेहनत की है।
उन्होंने कहा कि अक्सर छात्र-छात्राएं कक्षा में सिर्फ किताबों के जरिए पढ़ाई करते हैं, लेकिन जब वे खुद मॉडल बनाकर किसी विषय को समझाते हैं तो उस विषय की गहरी समझ विकसित होती है। इससे बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता बढ़ती है और उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होता है।
बच्चों के सर्वांगीण विकास में मददगार
डीईओ ने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक प्रदर्शनी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। इससे छात्रों को नई चीजें सीखने और कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकों और छात्राओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आगे भी इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन होना चाहिए। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला शिक्षा विभाग की ओर से कोशिश की जाएगी कि अन्य स्कूलों में भी ऐसी प्रदर्शनी आयोजित की जाए।
अन्य स्कूलों के छात्र भी पहुंचे प्रदर्शनी देखने
प्रदर्शनी देखने के लिए जिले के अन्य स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी पहुंचे। उन्होंने छात्राओं द्वारा बनाए गए मॉडल और प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी ली और उनकी खूब सराहना की।
कार्यक्रम में शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक नरेश कुमार स्वर्णकार, प्रवीण झा, झीलम सेन, नागेंद्र पेतांडी, स्टैंसिल्ला हेंब्रम, परना मित्रा बॉस, रंजीत लायक, बिंदु कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यालय के कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों और छात्राओं की अहम भूमिका रही।
Also Read : शॉर्ट सर्किट से हार्डवेयर दुकान में लगी भीषण आग, धमाकों से दहला


