Patna : सीएम नीतीश कुमार इस महीने फिर से बिहार यात्रा पर निकलने वाले हैं। सीएम कार्यालय ने इस यात्रा के विस्तृत कार्यक्रम को तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। यात्रा की तिथि और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
यह सीएम की विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद पहली राज्यव्यापी यात्रा होगी। इस दौरान वे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का निरीक्षण करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा करेंगे। साथ ही, सीएम जनता के प्रति आभार व्यक्त भी करेंगे, जिन्होंने चुनाव में उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाया।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य पिछली प्रगति यात्रा के दौरान किए गए वादों और लिए गए निर्णयों की प्रगति का जायजा लेना बताया जा रहा है। जिन योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, उनका लोकार्पण भी सीएम इस दौरान करेंगे। यात्रा के दौरान वे आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
सूत्रों के अनुसार, सीएम नीतीश कुमार 14 जनवरी, मकर संक्रांति के बाद अपनी यह महत्वपूर्ण यात्रा शुरू कर सकते हैं। यात्रा को लेकर राज्य के सभी जिलों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिलों के डीएम और एसपी को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही जिलावार स्थलों का चयन भी किया जा रहा है।
Also Read : आज से रांची स्टेशन की नई रेल लाइन चालू, यात्रियों को मिलेगी सुविधा


