Ranchi : झारखंड विधानसभा परिसर, रांची में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्रीहेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस को 1,485 आधुनिक वाहन सौंपे और राज्य के 12 नए थानों का ऑनलाइन शिलान्यास किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ कई मंत्री, विधायक और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।


पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 वर्षों में पहली बार झारखंड पुलिस को इतना बड़ा वाहन बेड़ा उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि इन आधुनिक वाहनों से पुलिस की गतिशीलता, प्रतिक्रिया क्षमता और क्षेत्रीय निगरानी में सुधार होगा। इसका सीधा लाभ आम जनता को सुरक्षा की बेहतर सुविधाओं के रूप में मिलेगा। “सशक्त पुलिस, सुरक्षित जनता” की दिशा में यह एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध रोकथाम, नागरिक सुरक्षा और पुलिस बल के आधुनिकीकरण में राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है।
धुर्वा अपहरण कांड में पुलिस की तत्परता
मुख्यमंत्री ने हाल ही में धुर्वा थाना क्षेत्र में हुए नाबालिग अपहरण कांड का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस की तत्परता और ईमानदार प्रयासों के कारण बच्चों को शीघ्रता से बरामद किया गया और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ। इससे यह साबित होता है कि झारखंड पुलिस नई तकनीक और नवाचार के साथ अपराध नियंत्रण में प्रभावी ढंग से काम कर रही है।
आम जनता और पुलिस का सहयोग जरूरी
मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच मजबूत संवाद और विश्वास ही राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाएगा।
प्रथम चरण में 636 पेट्रोलिंग वाहन और 849 दोपहिया वाहन सौंपे गए
राज्य सरकार ने कुल 1,255 पेट्रोलिंग वाहन और 1,697 दोपहिया वाहनों को स्वीकृति दी है। प्रथम चरण में 636 पेट्रोलिंग वाहन और 849 दोपहिया वाहन विभिन्न जिलों और थानों को आवंटित किए गए। ये वाहन गश्ती, क्विक रिस्पॉन्स, ग्रामीण इलाकों की निगरानी और आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई में मदद करेंगे।
Also Read : सबरी पाल ने संभाला पाकुड़ नगर परिषद अध्यक्ष का कार्यभार, शहर की सफाई और जल व्यवस्था पर जोर

