Pakur : पाकुड़ नगर परिषद को नया नेतृत्व मिल गया है। नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल ने शुक्रवार को कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने नगर परिषद कार्यालय में कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ बैठक की और शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था सुधारने पर जोर
कार्यभार संभालते ही अध्यक्ष ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर खास निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी गंदगी नहीं रहनी चाहिए और हर वार्ड में नियमित रूप से कचरा उठाव होना चाहिए। उन्होंने बताया कि कई जगहों से शिकायत मिली है कि वहां कचरा गाड़ी नहीं पहुंचती, जिसके कारण लोगों को परेशानी होती है। ऐसे सभी इलाकों में कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश कर्मचारियों को दिया गया।
ईदगाह मैदान की सफाई कराने का निर्देश
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने ईदगाह मैदान को साफ-सुथरा रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि मैदान की नियमित सफाई कराई जाए, ताकि आने वाले समय में वहां किसी तरह की गंदगी या असुविधा न हो।
गर्मी से पहले पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने की बात
आने वाले गर्मी के मौसम को देखते हुए अध्यक्ष ने जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों को पानी की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पाइपलाइन, जलापूर्ति और अन्य व्यवस्थाओं की समय रहते जांच कर जरूरी कदम उठाने को कहा गया।
जलापूर्ति योजना और बिजली समस्या पर भी चर्चा
बैठक के दौरान शहर के गणमान्य लोगों ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने शहरी जलापूर्ति योजना को जल्द पूरा करने और घर-घर तक गंगा जल नल के माध्यम से पानी पहुंचाने की मांग उठाई। साथ ही कालिकापुर इलाके में बिजली की समस्या को लेकर भी चर्चा की गई और इसके समाधान की मांग की गई।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष Shrikumar Sarkar, प्रदीप रजक, काली चरण घोष, सोमनाथ पाल समेत कई सामाजिक और राजनीतिक लोग मौजूद थे। बैठक में नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए।

Also Read : देवघर में रिश्वत लेते प्रधान लिपिक और अनुसेवक गिरफ्तार, घर से भी 3.19 लाख जब्त


