आसमान से छंट गए बादल, पारा 40 के पार, 20 अप्रैल तक तेज धूप बढ़ाएगी गर्मी

रांची : राजधानी रांची में बादल छंट जाने के बाद तेज धूप का असर बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 15 से 20 अप्रैल तक तापमान में वृद्धि के संकेत हैं. जिस कारण एक बार फिर गर्मी असर दिखाने लगेगी. 20 अप्रैल तक पारा चढ़ने की उम्मीद है. मौसम में बदलाव का असर राज्य के कई जिलों में दिखने लगा है. जमशेदपुर और कोल्हान के कई जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है. गोड्डा, पाकुड़ और सरायकेला का अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है.

इसमें और वृद्धि होने के आसार हैं. रविवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान भी 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक हो गया है. राजधानी में अगले सप्ताह तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच होने का अनुमान लगाया गया है. फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा. राजधानी रांची के आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

ये भी पढ़ें : छठ पूजा करने जा रहे लोगों से भरी ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत