Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में जख्मी हुए एक युवक की TMH में इलाज के दौरान मौत हो गयी। रविवार को मृतक के परिजन टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान बिष्टुपुर रोड निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। परिजनों का आरोप है कि बिष्टुपुर पुलिस मामले में जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है। अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इसी कारण परिजन टीएमएच परिसर में जोरदार प्रदर्शन करने पर मजबूर हो गए। प्रदर्शन के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
परिवार ने बताया कि राजकुमार घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। ड्यूटी से लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर परिजनों को समझाने का प्रयास किया और उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि परिजन तब तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं जब तक ठोस कार्रवाई और मुआवजे की घोषणा नहीं होती। इस कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
Also Read : दिशोम गुरु की जयंती पर चेशायर होम पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, दिया सहयोग का भरोसा


