चाईबासा: नक्सलियो ने IED ब्लास्ट किया, तीन जवान घायल; रांची एयरलिफ्ट

रांची। पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के टोन्टो थाना क्षेत्र अंतर्गत तुम्बाहाका जंगल के समीप सर्च अभियान के दौरान गुरुवार को नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में कोबरा 209 बटालियन के तीन जवान घायल हो गये। तीनों को आनन-फानन में प्राथमिक इलाज के बाद हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया।

घायल जवानों में सौरभ कुमार (28), संतोष कुमार सिंह (28) और अमरेश सिंह (29) हैं। तीनों जवानों को हेलीकॉप्टर से खेलगांव लाया गया और एंबुलेंस से मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। अमरेश और संतोष के हाथ में जबकि सौरभ को कई जगहों पर चोट पहुंची है।

इस बाबत आईजी अभियान एवी होमकर ने बताया कि कोल्हान क्षेत्र में टोन्टो थाना के तुम्बाहाका जंगल के समीप भाकपा माओवादियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति की सूचना पर कोबरा, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ की टीम गुरुवार को संयुक्त अभियान चला रही थी। इसी दौरान सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर आईईडी विस्फोट किया गया, जिसकी चपेट में कोबरा बटालियन के तीन जवान आ गए। तीनों जख्मी जवान सुरक्षित हैं।

vidh

उल्लेखनीय है कि बुधवार को भी पश्चिमी सिंहभूम के तुम्बाहाका जंगल के समीप भाकपा (माओवादी) नक्सलियों और सुरक्षा बलों में मुठभेड़ के बाद आईईडी ब्लास्ट में कोबरा बटालियन के छह जवान घायल हो गए थे। सभी जवानों को एयरलिफ्ट कर मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घायल जवानों में अजय लिंडा, शाहरुख खान, भरत सिंह राय, मुकेश कुमार सिंह, अलोक दास और बीर पाल सिंह तोमर हैं। सभी खतरे से बाहर हैं।