Jamshedpur : बहरागोड़ा के राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मामला दरीसोल चौक के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी, जिससे कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोलकाता से लौट रहे थे समीर और परेश
जानकारी के अनुसार, कार संख्या जेएच 05 डीपी 5597 पर सवार समीर दास और उनके मित्र परेश दास कोलकाता एयरपोर्ट से जमशेदपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार बरसोल थाना क्षेत्र के दरीसोल चौक के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से संतुलन खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक एनएल 01 एफ 8361 के पिछले हिस्से में जा समाई।
टक्कर की आवाज ने मचाई अफरा-तफरी
टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदार और राहगीर सहम गए। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से बचाया गया जीवन
सूचना मिलते ही बरसोल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त कार में फंसे समीर और परेश को बाहर निकाला। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एम्बुलेंस से दोनों घायलों को तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया
दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रक के नीचे घुसने के कारण कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है।
Also Read : जमशेदपुर पुलिस की बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार देशी कट्टा सहित 4 जिंदा गोलियां जब्त

