एनडीए समर्थित अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश उरांव ने अपने समर्थकों के साथ नवाटोली, पुराना बाजार टोली, फुलवार टोली, नीलगिरी टोली समेत कई मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने लोगों से कहा कि पहले भी बुंडू नगर को राज्य स्तर पर आदर्श नगर का दर्जा दिलाया है और आगे भी नगर को विकसित और सुंदर बनाने का काम करेंगे।
राजेश उरांव ने कहा कि वे नगर के हर वर्ग—युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और व्यापारियों—सभी के हित में काम करेंगे। उनके साथ प्रचार अभियान में कपिल महतो, भास्कर मुखर्जी, राकेश मछुआ, मानस मिश्रा, चंदन नायक, राजकुमार महतो, महेश मुंडा, सखी देवी, मुकुंदर महतो और कैलाश हलवाई समेत कई समर्थक मौजूद रहे।
“पानी की समस्या दूर करूंगा” : जितेंद्र उरांव
वहीं अध्यक्ष पद के एक अन्य प्रत्याशी जितेंद्र उरांव भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ वार्ड क्षेत्रों, चौक बाजार, पुराना बाजार टोली, सुभाष चौक और काली मंदिर चौक में लोगों से मिलते नजर आए। हाथ जोड़कर वोट मांगते हुए उन्होंने कहा कि अगर जनता एक मौका देती है तो सबसे पहले नगर की पानी की समस्या का समाधान करेंगे। उन्होंने होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी पर रोक लगाने, बड़ा तालाब की सफाई कराने और पूरे नगर के सुंदरीकरण का वादा भी किया। साथ ही बुंडू चौक बाजार में अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन भी किया, जहां बड़ी संख्या में महिला और पुरुष समर्थक मौजूद रहे।
सभी वर्गों की सेवा करूंगा” : घासीराम उरांव
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी घासीराम उरांव ने शुक्रवार रात करीब 8 बजे माझी टोली रोड में अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वे गरीबों और जरूरतमंदों के हित में काम करेंगे। नगर में पानी, बिजली और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का वादा किया। इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक सृष्टिधर्म मांझी, रवींद्रनाथ गोराई, सुजीत मोदक, त्रिलोचन मुंडा, मोनू दास और चमरा प्रमाणिक समेत कई लोग मौजूद रहे।
किसके वादों पर भरोसा करेगी जनता?
बुंडू नगर पंचायत में इस बार मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है। हर प्रत्याशी विकास, साफ-सफाई, पानी, टैक्स और सुंदरीकरण जैसे मुद्दों को लेकर मैदान में है। अब देखना यह है कि जनता किसके वादों पर भरोसा जताती है और किसे नगर की बागडोर सौंपती है।
Also Read : बढ़ते प्रदूषण से निपटने की तैयारी, रांची निगम करेगा आधुनिक मशीनों की खरीद…जानें