Hazaribagh : हजारीबाग में शनिवार को बीएसएफ प्रशिक्षण केंद्र एवं स्कूल के रानी लक्ष्मीबाई परेड ग्राउंड में दीक्षांत परेड समारोह आयोजित हुआ। घने कोहरे के बीच 375 नवआरक्षकों ने देश सेवा की शपथ ली। समारोह में बीएसएफ के बैंड की धुन और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। नवआरक्षकों ने भारत माता की जयकारों के साथ तिरंगे झंडे के नीचे अखंडता और एकता की शपथ ली।
44 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण और मेहनत के बाद ये जवान बीएसएफ के सदस्य बन गए। परेड में कदम से कदम मिलाकर चलते जवानों ने दर्शकों के दिल जीत लिए। मुख्य अतिथि के रूप में बीएसएफ मेरु हजारीबाग महानिरीक्षक धीरेंद्र संभाजी कुटे ने सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जवानों के माता-पिता और हजारीबाग के कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
महानिरीक्षक ने नवआरक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत परेड के बाद ये जवान औपचारिक तौर पर भारत की प्रथम रक्षा पंक्ति में शामिल हो गए हैं। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को शारीरिक व्यायाम, हथियार चलाना, अंतरराष्ट्रीय कानून, मानवाधिकार, आतंकवाद और उग्रवाद से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भी हिस्सा लेने का प्रशिक्षण शामिल था। नवआरक्षकों के माता-पिता ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि अब उनका बेटा देश की सेवा में है।


