Jamtara : जामताड़ा जिले का प्रसिद्ध लाधना डैम नववर्ष के मौके पर पर्यटकों की पहली पसंद बन गया है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह से ही यहां सैलानियों की भीड़ देखने को मिल रही है। आसपास के जिलों और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाके से लोग यहां प्रकृति का आनंद लेने और नौकाविहार करने आते हैं।
डैम की सबसे बड़ी खासियत यहां से दिखाई देने वाला सूर्योदय और सूर्यास्त का सुंदर दृश्य है। जामताड़ा मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित यह डैम पानी, हरियाली और ऊंची पहाड़ियों से घिरा हुआ है। शांति और सुकून पाने वाले लोग यहां पिकनिक मनाते हैं। नववर्ष के पहले दिन डीजे, संगीत और व्यंजनों के साथ यहां जश्न का माहौल रहता है। पर्यटकों की सुविधा के लिए डैम पर पहाड़ी सेल्फी प्वाइंट और बच्चों के लिए पार्क भी विकसित किया गया है।
सत्येंद्र ओझा नामक पर्यटक ने बताया कि उन्होंने डैम के नौकाविहार, हिल्सटॉप और सूर्यास्त का दृश्य बहुत पसंद किया। उन्होंने इसे कश्मीर की डल झील से भी तुलना की। स्थानीय नाविक बाबन मंडल ने बताया कि वर्ष के अंतिम महीने से 15 जनवरी तक लगभग 15-20 नावें रोजाना चलती हैं, जिससे उनका परिवार अपनी रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करता है।
संजय परशुराम का कहना है कि झारखंड में पर्यटन का विकास अभी पीछे है। उन्होंने कहा कि लाधना डैम, पर्वत बिहार और मां मालांचा पहाड़ जैसे स्थल बेहद खूबसूरत हैं और सरकार को इन क्षेत्रों के विकास पर ध्यान देना चाहिए, ताकि झारखंड पर्यटन के मानचित्र पर अपनी पहचान बना सके।
Also Read : औद्योगिक विकास पर चर्चा के लिए हेमंत सोरेन से मिले चैंबर ऑफ कॉमर्स प्रतिनिधिमंडल


