Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा जिले में रमजान के पाक महीने का आखिरी जुम्मा पूरे भाईचारे और अकीदत के साथ मनाया गया। सुभाष चौक जामा मस्जिद, पाकडीह, सरखेलडीह नूर मोहल्ला, राजबाड़ी और जीतूडांगल समेत कई इलाकों की मस्जिदों में रोजेदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। जगह कम पड़ने पर कई लोगों ने मस्जिदों के बाहर बैठकर नमाज अदा की।
हजारों लोगों ने एक साथ मांगी दुआ
नमाज के दौरान हजारों लोगों ने एक साथ सिर झुकाकर अल्लाह से मुल्क और इंसानियत के लिए दुआ मांगी। पूरे माहौल में अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं गूंजती रहीं। लोगों ने बुराइयों से बचने और नेक राह पर चलने की भी प्रार्थना की।
ईद को लेकर दी गई जानकारी
इमाम मौलाना अख्तर रजा ने नमाज के दौरान बताया कि इस साल पूरे 30 रोज मुकम्मल होने के बाद शनिवार को ईद उल फितर की नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि ईद खुशी और भाईचारे का त्योहार है, जिसे सभी को मिलजुलकर और शांतिपूर्ण तरीके से मनाना चाहिए।
सादगी और मदद का संदेश
मौलाना ने लोगों से अपील की कि फिजूलखर्ची से बचें और ईद सादगी के साथ मनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि ईद का असली मकसद जरूरतमंदों की मदद करना और समाज में एकता बनाए रखना है।
नमाज के बाद गले मिलकर दी बधाई
अलविदा जुम्मे की नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और प्यार-मोहब्बत का पैगाम दिया। कई जगहों पर भाईचारे और सौहार्द का नजारा देखने को मिला।
मस्जिदों में विशेष इंतजाम
अलविदा जुम्मे को लेकर सभी मस्जिदों में साफ-सफाई, वजू और नमाजियों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई लोगों को बाहर बैठकर नमाज अदा करनी पड़ी।
बाजारों में बढ़ी रौनक
नमाज के बाद जिले के बाजारों में त्योहार की रौनक बढ़ गई। कपड़े, जूते-चप्पल, टोपी, इत्र, सेवइयां और मिठाई की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। खासकर सेवइयां और ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी जोर-शोर से होती दिखी। छोटे बच्चों के लिए कपड़े और खिलौने खरीदने में भी लोग उत्साहित नजर आए।
Also Read : असम चुनाव में उतरने की तैयारी में JMM, आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में आने के संकेत


