Dhanbad : धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के पंडरपाला इलाके में रविवार की सुबह सनसनी फैल गई, जब राजेंद्र ग्राउंड के पास बह रहे नाले में एक व्यक्ति का शव तैरता दिखाई दिया। सुबह टहलने निकले लोग यह दृश्य देखकर दंग रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
नाले से शव निकालकर परिजनों को सूचना
सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकालकर सुरक्षित किया गया। मृतक की शिनाख्त पंडरपाला निवासी आफताब खान (करीब 45 वर्ष) के तौर पर की गई। पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों की जानकारी : मानसिक स्थिति थी खराब
घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के छोटे भाई अनवर खान ने बताया कि आफताब खान मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका इलाज चल रहा था। वे अक्सर घर से बिना बताए निकल जाते और इधर-उधर घूमते रहते थे। पिछले दो दिनों से वे लापता थे और आज उनका शव नाले में मिलने से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रारंभिक जांच : हादसा लग रहा
बैंक मोड़ थाना के एसआई सुनील कुमार रवि ने बताया कि नाले में शव मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि आफताब खान भटकते हुए नाले के पास पहुंचे होंगे और पैर फिसलने से गिर गए होंगे, जिससे उनकी मौत हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के इलाके में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तलाश जारी है।
Also Read : महाशिवरात्रि पर सीएम हेमंत ने पहाड़ी में की पूजा-अर्चना, बोले- भोलेनाथ का आशीर्वाद सभी पर बना रहे


