Khunti : खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र के लांदूप पंचायत स्थित कातुब गांव में अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा सामने आया है। यहां डायन-बिसाही के शक में एक दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया गया। गुईया पाहन और उनकी पत्नी सिनी पहनाईन को टांगी से वार कर बुरी तरह घायल कर दिया गया। दोनों को गंभीर हालत में रांची के रिम्स अस्पताल भेजा गया है, जहां सिनी पहनाईन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
सिर पर वार, हालत नाजुक
हमले में सिनी पहनाईन के सिर पर गहरा वार किया गया है, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं गुईया पाहन भी गंभीर रूप से घायल हैं। गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं।
करंज तोड़ने से शुरू हुआ झगड़ा
घायल गुईया पाहन ने बताया कि विवाद की शुरुआत करंज तोड़ने को लेकर हुई थी। इसी बात पर उनके भतीजों कुंवर पाहन और हंगीरा पाहन से कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। हालांकि उस समय गांव वालों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए थे। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। कुछ ही घंटों बाद दोनों आरोपी भतीजे गुईया पाहन के घर पहुंचे और अचानक टांगी से हमला कर दिया। इस हमले में दंपती बुरी तरह घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
डायन बताकर बना रहे थे निशाना
घायल गुईया पाहन ने बताया कि उनके बड़े भाई की पत्नी सोमवारी देवी अक्सर बीमार रहती हैं। इसी बात को लेकर उनके भाई और भतीजे उनकी पत्नी सिनी पहनाईन को डायन बताते थे। लंबे समय से इसको लेकर तनाव चल रहा था और आखिरकार इसी अंधविश्वास ने इस खौफनाक घटना को जन्म दिया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार
मारंगहादा थाना प्रभारी विकास जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायलों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Also Read : घाटी में ट्रक पलटा, खलासी की मौत, ड्राइवर समेत दो की हालत गंभीर


