Ranchi : रांची रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। थोड़ी सी लापरवाही एक यात्री की जान ले सकती थी, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों की तेजी और हिम्मत से उसकी जिंदगी बच गई। जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश अग्रवाल (करीब 50 साल) धनबाद के टुंडी के रहने वाले हैं। वह भुवनेश्वर से धनबाद जा रहे थे। रांची स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो वह पानी पीने के लिए नीचे उतर गए। इसी बीच ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस चल पड़ी। जल्दबाजी में उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गैप में गिर गए। देखते ही देखते वह ट्रेन के साथ घसीटने लगे। यह नजारा देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
आरपीएफ जवानों ने दिखाई फुर्ती और हिम्मत
उसी वक्त ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई विजय कुमार भारती और हेड कांस्टेबल नितेश कुमार की नजर इस घटना पर पड़ी। दोनों जवान बिना एक पल गंवाए दौड़े और पूरी ताकत से यात्री को प्लेटफॉर्म गैप से बाहर खींच लिया। उनकी सूझबूझ और हिम्मत से कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा टल गया। अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
यात्री ने बताया कैसे हुआ हादसा
बचने के बाद यात्री ने बताया कि वह सिर्फ पानी पीने के लिए उतरे थे, लेकिन ट्रेन चलने लगी तो घबराकर चढ़ने की कोशिश की। इसी जल्दबाजी में उनका संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ फिर साबित हुआ कारगर
मालूम हो कि रांची रेल मंडल में कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में आरपीएफ द्वारा “ऑपरेशन जीवन रक्षा” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जवान लगातार सतर्क रहते हैं और यात्रियों की सुरक्षा पर खास नजर रखते हैं।
Also Read : डायन-बिसाही के नाम पर खू’नी वार, भतीजों ने चाचा-चाची पर किया टांगी से ह’मला


