Palamu : रंगों और खुशियों के पर्व होली के दिन पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई। जहां पूरा गांव होली के रंग में डूबा था, वहीं एक आपसी विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि 70 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। इस घटना के बाद गांव की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान हीरा सिकनी गांव निवासी विश्वनाथ रजवार (70) के रूप में हुई है। आरोप है कि गांव के ही उनके गोतिया कपिल रजवार (25) ने गुस्से और शराब के नशे में टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक होली के दिन गांव में लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगा रहे थे और जश्न का माहौल था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विश्वनाथ रजवार और कपिल रजवार के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी आपसी रंजिश थी। होली के दिन शराब के नशे में माहौल और ज्यादा बिगड़ गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि कपिल रजवार ने गुस्से में आकर टांगी उठा ली।
टांगी से ताबड़तोड़ वार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कपिल ने अचानक विश्वनाथ रजवार पर टांगी से हमला कर दिया। उसने लगातार कई वार किए, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ज्यादा खून बह जाने के कारण विश्वनाथ रजवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। जो लोग कुछ देर पहले होली खेल रहे थे, वे इस घटना से सन्न रह गए। धीरे-धीरे खबर पूरे गांव में फैल गई और माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी और आक्रोशित हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद और शराब के नशे को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Also Read : तिलैया में घर में घुसकर मारपीट और लूट, परिवार में दहशत

