सिदो-कान्हू के वंशज की हत्या मामले को लेकर भाजपा ने दिया धरना

Joharlive Team

दुमका। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अमर शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्यारे की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को यहां एक दिवसीय धरना दिया।
भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं झारखंड की पूर्व समाज कल्याण मंत्री डाॅ. लुईस मरांडी और पार्टी के जिलाध्यक्ष निवास मंडल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय सिदो-कान्हू की प्रतिमा के समक्ष उपवास पर बैठे और एक दिवसीय धरना दिया।
पूर्व मंत्री डॉ. मरांडी ने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार अमर शहीद सिदो-कान्हू के वंशजों के जान-माल की सुरक्षा नहीं कर पा रही है। अमर शहीद के वंशज रामेश्वर मुर्मू की लगभग एक पखवाड़े पूर्व हत्या कर दी गयी लेकिन राज्य सरकार और जिला प्रशासन अबतक हत्या के आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि घटना के मुख्य आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो उनकी पार्टी संताल परगना के विभिन्न जिलों में आंदोलन करेगी।