Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर में सोमवार सुबह अपराधियों ने बाइक सवार RJD युवा मोर्चा के अध्यक्ष मंटू साह (35) की गोली मारकर हत्या कर दी। धर्मपुर निवासी मंटू को सीने में तीन गोलियां मारी गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना रामहरि थाना क्षेत्र के धर्मपुर चौक के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने से इंकार कर दिया। लगभग चार घंटे की समझाइश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
CCTV की जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
परिवार ने दोस्त रमेश राय पर जताया शक
मृतक के पिता ब्रह्मदेव साह ने बताया कि सुबह मंटू को उनका दोस्त रमेश राय घर से बाइक पर लेकर गया था। रिश्तेदारों के अनुसार, रमेश ने अपनी बाइक घर पर खड़ी की और मंटू की बाइक से दोनों निकल गए थे। करीब 3 किलोमीटर दूर अस्तलाकपुर गांव में दो युवकों ने मंटू को घेरकर गोली मार दी। परिवार को शक है कि रमेश ने ही हत्या की साजिश रची है। पड़ोस की महिलाओं ने भी आरोप लगाया कि “अगर हमला था तो रमेश को क्यों नहीं मारा गया? हमें मौत का बदला मौत चाहिए।”
कर्ज विवाद की आशंका
मंटू के पिता ने बताया कि हत्या पैसे के लेनदेन से जुड़ी लगती है। उन्होंने कहा कि “मंटू बहुत लोगों को पैसे देते थे। छह महीने पहले भी मैंने उन्हें मजदूरों में पैसे बांटते देखा था। हत्या राजनीति के कारण नहीं हुई है, यह पैसा हड़पने का मामला है।”
FSL टीम और DSP मौके पर पहुंचे
घटना के बाद पुलिस ने रमेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। FSL की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। DSP पूर्वी अलय वत्स भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Also Read : झारखंड विधानसभा में छात्रवृत्ति को लेकर हंगामा, कार्यवाही स्थगित


