पितृपक्ष मेला 2026 में गया जाकर पिंडदान करने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए बिहार पर्यटन विभाग ने खास पैकेज जारी किए हैं. 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक गयाजी में होने वाले पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं को पिंडदान, पूजा सामग्री, पंडा-पुजारी की सेवा, आने-जाने की सुविधा, होटल और भोजन जैसी सुविधाएं एक ही पैकेज में मिलेंगी.
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से कुल पांच तरह के पिंडदान और पर्यटन पैकेज जारी किए गए हैं. श्रद्धालु अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से एक दिन या एक रात-दो दिन वाले पैकेज चुन सकते हैं. इसके अलावा गयाजी नहीं पहुंच पाने वाले लोगों के लिए ऑनलाइन ई-पिंडदान की सुविधा भी रखी गई है.
11,250 रुपये से शुरू होगा गयाजी का पैकेज
गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पैकेज-सी एक दिन का है. इसमें गयाजी रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या 15 किलोमीटर के दायरे से पिकअप और ड्रॉप की सुविधा मिलेगी. श्रद्धालुओं को फल्गु नदी पर तर्पण, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट पर पिंडदान कराया जाएगा.
इसमें पंडाजी की सेवा, पिंडदान शुल्क, पूजा सामग्री, होटल में ठहरने और शाकाहारी दोपहर के भोजन की सुविधा भी शामिल है. होटल की श्रेणी और यात्रियों की संख्या के हिसाब से इसकी कीमत 11,250 से 25,250 रुपये तक है.
पटना से गयाजी जाने वालों के लिए भी पैकेज
पैकेज-ए एक दिन का है, जिसमें पटना से पुनपुन घाट होते हुए गयाजी और फिर पटना लौटने की सुविधा है. पटना रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या शहर के 10 किलोमीटर के दायरे से पिकअप-ड्रॉप मिलेगा. इसमें पुनपुन घाट और गयाजी में पिंडदान, पूजा सामग्री, पंडाजी की सेवा, होटल और शाकाहारी भोजन शामिल है. इसकी कीमत 14,550 से 30,650 रुपये तक रखी गई है.
पैकेज-बी एक रात और दो दिन का है. इसमें पिंडदान के साथ श्रद्धालुओं को राजगीर के विश्व शांति स्तूप और नालंदा के प्राचीन अवशेषों का भ्रमण कराया जाएगा. पैकेज में ठहरने के साथ नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन भी शामिल है. इसकी कीमत 18,850 से 40,700 रुपये तक है. हालांकि स्मारकों और पर्यटन स्थलों के प्रवेश टिकट इसमें शामिल नहीं हैं.
पैकेज-डी खास तौर पर उन श्रद्धालुओं के लिए तैयार किया गया है, जो देर रात, सुबह या शाम के समय पिंडदान करना चाहते हैं. इसमें गयाजी से पिकअप-ड्रॉप, परिवहन, होटल, भोजन और फल्गु नदी, विष्णुपद मंदिर व अक्षयवट पर पिंडदान की सुविधा मिलेगी. इस पैकेज की कीमत 16,000 से 39,500 रुपये तक है.
गयाजी के साथ राजगीर-नालंदा घूमने का भी विकल्प
पैकेज-ई में एक रात और दो दिन के दौरान गयाजी में पिंडदान के साथ राजगीर और नालंदा घूमने की सुविधा दी जाएगी. इसमें परिवहन, पंडित की सेवा, पूजा सामग्री, होटल और भोजन शामिल हैं. इसकी कीमत 16,550 से 32,850 रुपये तक रखी गई है. पर्यटन स्थलों के प्रवेश टिकट इसमें शामिल नहीं हैं.
जो लोग किसी वजह से गयाजी नहीं आ सकते, उनके लिए पर्यटन निगम ने ऑनलाइन ई-पिंडदान पैकेज भी शुरू किया है. इसकी कीमत 23,000 रुपये, जीएसटी समेत है. इसमें विष्णुपद मंदिर, अक्षयवट और फल्गु नदी पर पिंडदान या तर्पण, पुरोहित की सेवा, पूजा सामग्री और दक्षिणा शामिल है. पूरे अनुष्ठान की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी और इसकी रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव के जरिए श्रद्धालु को दी जाएगी.
श्रद्धालु इन पैकेजों की ऑनलाइन बुकिंग बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट पर कर सकते हैं. बुकिंग या अन्य जानकारी के लिए 8544418408 और 8294307690 पर संपर्क किया जा सकता है. पितृपक्ष मेला इस साल 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक गयाजी में आयोजित होगा.
Also Read : सरकारी भाषा को आसान बनाना होगा, लोगों को कठिन हिन्दी से दिक्कत हो रही है : प्रवीण टोप्पो

