बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर जन सुराज ने अपने 5 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. प्रशांत किशोर की पार्टी ने चुनावी मैदान में उतरते हुए स्नातक मतदाताओं से 10 हजार बेरोजगार स्नातकों को रोजगार देने का वादा भी किया है. पार्टी ने दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक से अफाक अहमद, पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है. तीन सीटों पर अभी उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए गए हैं.
पटना स्नातक सीट पर अनुज सिंह के नाम की चर्चा
पटना स्नातक सीट पर डॉ. अनुज सिंह के नाम की चर्चा चल रही है, लेकिन जन सुराज ने अभी उनके नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. इस सीट से जदयू के नीरज कुमार मौजूदा एमएलसी हैं. मोकामा विधायक अनंत सिंह पहले ही अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान कर चुके हैं. ऐसे में पटना स्नातक सीट पर जन सुराज के फैसले पर नजर बनी हुई है.
वहीं तिरहुत स्नातक और तिरहुत शिक्षक सीट पर भी पार्टी ने अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं. तिरहुत स्नातक सीट के लिए संजय झा और बंशीधर ब्रजवासी के नाम चर्चा में हैं.
सारण शिक्षक सीट से जन सुराज के उम्मीदवार बनाए गए अफाक अहमद पश्चिम चंपारण के सिकटा प्रखंड के लाल परसा गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने 1987 में शिक्षक के तौर पर नौकरी शुरू की थी. करीब 32 साल तक बेतिया के आमना उर्दू हाई स्कूल में शिक्षक रहे. VRS लेने के बाद वह जन सुराज से जुड़े.
4 शिक्षक और 4 स्नातक सीटों पर चुनाव
बिहार विधान परिषद की 4 शिक्षक और 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 8 सीटों पर चुनाव होना है. इन सीटों के लिए करीब 30 जिलों के शिक्षक और स्नातक मतदाता मतदान करेंगे. मौजूदा एमएलसी का कार्यकाल नवंबर 2026 में खत्म होना है.
प्रशांत किशोर ने कहा है कि जन सुराज सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पार्टी ने स्नातक मतदाताओं के बीच रोजगार का मुद्दा भी उठाया है. जन सुराज की ओर से 10 हजार बेरोजगार स्नातकों को रोजगार देने का वादा किया गया है.
Also Read : बिहारः एमएलसी चुनाव को लेकर जदयू में घमासान, अनंत सिंह के निशाने पर नीरज कुमार, जानिये पूरा मामला

