Patna : बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले चल रहे वोटर वेरिफिकेशन के विरोध में विपक्षी दलों ने आज यानी बुधवार को बिहार बंद का आह्वान किया। इस बंद में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होने के लिए थोड़ी देर में पटना पहुंचे। बंद के दौरान राज्य के कई हिस्सों में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनें रोकीं, नेशनल हाईवे जाम किए और आगजनी कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रमुख घटनाएं :
- भोजपुर : बिहिया स्टेशन पर पूर्व RJD विधायक भाई दिनेश ने समर्थकों के साथ श्रमजीवी एक्सप्रेस और विभूति एक्सप्रेस को 3 मिनट तक रोककर नारेबाजी की।
- बेगूसराय : RJD कार्यकर्ताओं ने NH-31 को जाम कर सरकार विरोधी नारे लगाए।
- जहानाबाद : महागठबंधन नेताओं ने मेमू पैसेंजर ट्रेन को रोका। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को ट्रैक से हटाया।
- दरभंगा : नमो भारत ट्रेन को प्रदर्शनकारियों ने रोका।
- पटना : मनेर में NH-30 पर जाम और आगजनी की गई। सचिवालय हॉल्ट पर सांसद पप्पू यादव ने समर्थकों के साथ ट्रेन रोककर विरोध प्रदर्शन किया।
- आरा-सासाराम : माले के नेतृत्व में मुख्य मार्ग जाम, सैकड़ों गाड़ियां फंसीं। आरा-मोहनिया मार्ग पर RJD कार्यकर्ताओं ने आगजनी की।
- सासाराम : नेशनल हाईवे 106 को जाम किया गया।
- कटिहार : प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम की, जिसके कारण फंसी महिलाएं रास्ता देने की गुहार लगाती रहीं।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई 10 जुलाई को
वोटर लिस्ट पुनरीक्षण को लेकर गैर-सरकारी संगठन एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में चुनाव आयोग के आदेश को रद्द करने की मांग की गई है। इस मामले की सुनवाई 10 जुलाई को होगी। विपक्ष का आरोप है कि वोटर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में अनियमितताएं हो रही हैं, जिसके खिलाफ पूरे बिहार में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। बंद के दौरान कई जगहों पर तनाव की स्थिति बनी रही, और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए।
Also Read : बिहार बंद : महागठबंधन के प्रदर्शन से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात ठप, राहुल गांधी करेंगे रैली का नेतृत्व