West Bengol: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार अभियान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कटवा में अपनी आक्रामक शैली से सियासी तापमान बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार बनते ही टीएमसी के कथित गुंडे और माफिया सड़कों पर झाड़ू लगाते या पंचर की दुकान खोलते नजर आएंगे।
योगी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ये लोग अभी से अपने भविष्य के काम-धंधों की तलाश में जुट गए हैं। इस जनसभा में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बंगाल की जनता अब ‘गुंडाराज’ और ‘सिंडिकेट राज’ से मुक्ति चाहती है और राज्य में कानून-व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना भाजपा की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद न केवल सुरक्षा का माहौल बनेगा, बल्कि राज्य का सर्वांगीण विकास भी सुनिश्चित होगा।
योगी आदित्यनाथ का यह बयान भाजपा की ओर से बंगाल चुनाव को कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्रित करने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। जैसे-जैसे पहले चरण का मतदान नजदीक आ रहा है, भाजपा का यह आक्रामक रुख टीएमसी के लिए बड़ी चुनौती पेश कर रहा है, जिससे आगामी चुनावी परिणाम काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।


