प्रतिपक्ष के नेता चुने गए बाबूलाल मरांडी

JoharLive Team

रांची। झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक में अभी हाल ही में झारखंड विकास पार्टी से भाजपा में आए पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को प्रतिपक्ष का नेता चुना गया। प्रदेश कार्यालय में सोमवार को हुई बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक पी.मुरलीधर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड प्रभारी ओम प्रकाश माथुर तथा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के अलावा पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा महामंत्री सुनील सिंह और दीपक प्रकाश भी उपस्थित थे।
भाजपा विधायक दल की इस बैठक के लिए राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने मुरलीधर राव को केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्‍त किया था। उनके साथ अरुण सिंह और ओम माथुर भी इस अहम बैठक में शामिल हुए। भाजपा के राष्‍ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने बाबूलाल मरांडी के नाम का विधायक दल के नेता के तौर पर एलान किया। बाबूलाल समेत अब भाजपा के कुल 26 विधायक हो गए हैं। इस बैठक में भाजपा के नए प्रदेश अध्‍यक्ष के बाबत भी अहम चर्चा हुई। सभी विधायकों से अध्‍यक्ष के मसले पर रायशुमारी की गई है।

झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री रहे बाबूलाल मरांडी जी को झारखंड भाजपा के विधायक दल के नेता एवं प्रतिपक्ष नेता के पद पर सर्वसम्मति से चयन किए जाने पर बधाई। वे कुशल नेता, प्रखर वक्ता और सुलझे हुए प्रशासक हैं। सदन और सदन के बाहर राज्य हित से जुड़े मुद्दों पर उनकी भूमिका अहम रहेगी।