गुंडों को प्रदर्शनकारी बता रहे बाबूलाल मरांडी : कांग्रेस

Joharlive Team

रांची। झारखंड कांग्रेस ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले पर हुए हमले के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी गुंडों को प्रदर्शनकारी बता रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. एम. तौसीफ ने आज यहां कहा कि इस से भाजपा का असली चेहरा राज्य की जनता के सामने उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले पर जिन लोगों ने भी हमला किया उन्हें भाजपा का संरक्षण प्राप्त है। वैसे भी भाजपा का इतिहास गुंडों एवं उपद्रवियों को संरक्षण देना रहा है और उनके द्वारा उत्पात करवाना यह उनकी कार्यशैली में शुमार है। ऊपर से श्री मरांडी गुंडों को प्रदर्शनकारी बता रहे हैं।

डॉ. तौसीफ ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार में भी महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुआ करती थी। श्री मरांडी खुद भाजपा की सरकार को इस मामले में कटघरे में खड़ा करते रहे हैं। बहरहाल, इस सरकार ने बहुत हद तक रोकने की कोशिश की हैl पुलिस प्रशासन पूरे राज्य में इस तरह के मामले को रोकने के लिए अपने तंत्र को और मजबूत करेगीl उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार ने राज्य में 17 सालों तक शासन कर पुलिस तंत्र को कमजोर कर दिया है। मौजूदा सरकार अब पुलिस विभाग को मजबूत करेगी और महिलाओं के ऊपर हो रहे अत्याचार, बलात्कार जैसी घटनाओं को रोकने के लिए मुस्तैदी से काम करेगीl