Gumla : घाघरा थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ी लूट की घटना सामने आई है। घाघरा बाजार स्थित हरिओम गहना घर के संचालक से हथियारबंद अपराधियों ने भीषण लूट को अंजाम दिया। अपराधी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। बताया जा रहा है कि लूट के दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
70 हजार नकद और एक करोड़ से अधिक का सोना लूटने का दावा
पीड़ित व्यवसायी के अनुसार अपराधी दुकान से करीब 70 हजार रुपये नकद और लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के गहने लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भय का माहौल बन गया है।
बाजार में मची भगदड़, दुकानदारों में दहशत
लूट की घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई दुकानदारों ने डर के कारण अपनी दुकानें बंद कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अपराधी हथियार लहराते हुए तेजी से मौके से भाग निकले।
पुलिस जांच में जुटी, अपराधियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। साथ ही बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
Also Read : रांची एसएसपी के निर्देश पर जुआ और नशा पर प्रहार, 2 दर्जन से ज्यादा लोग डिटेन


