Ranchi : झारखंड राज्य खेल संवर्धन संस्था (JSSPS) के खेलगांव, रांची में “तनाव प्रबंधन एवं परीक्षा तैयारी: खेल-खेल में संवाद” विषय पर एक प्रेरक एवं संवादात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेट्स के बीच बढ़ते परीक्षा तनाव को कम करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था। JSSPS, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) और झारखंड सरकार की संयुक्त पहल है। इसके माध्यम से राज्य के लगभग 300 प्रतिभाशाली बच्चों को विभिन्न खेलों में निःशुल्क प्रशिक्षण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी दी जाती है। खेल और पढ़ाई दोनों में उत्कृष्टता हासिल करने की इस यात्रा में कई बार बच्चों को मानसिक दबाव का सामना करना पड़ता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह ने की। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन यह जीवन की अंतिम कसौटी नहीं है। उन्होंने बच्चों को समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, संतुलित दिनचर्या और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। खेल-खेल के उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने यह भी समझाया कि तनाव को किस प्रकार आत्मविकास के अवसर में बदला जा सकता है।

कार्यक्रम में अर्पिता महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती रीता मिश्रा, श्रीमती रीता तिवारी एवं अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए। जेएसएसपीएस, खेलगांव के सीईओ श्री नवीन कुमार झा और एलएमसी के सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अनुभव, आशंकाएँ तथा चुनौतियाँ साझा की। संवादात्मक माहौल ने बच्चों को अपने विचार खुले तौर पर व्यक्त करने का अवसर दिया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत प्रभावशाली और प्रेरणादायक साबित हुआ।
ज्ञात हो कि जेएसएसपीएस में हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, बॉक्सिंग, कुश्ती, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और तीरंदाजी सहित कुल 11 खेलों में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इस संस्था के खिलाड़ियों ने अब तक 15 अंतरराष्ट्रीय पदक, 262 राष्ट्रीय पदक और 1352 राज्य पदक जीतने का गौरव हासिल किया है। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि पढ़ाई और खेल में संतुलन बनाए रखते हुए सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन के जरिए परीक्षा तनाव को आसानी से कम किया जा सकता है।
Also Read : हांगकांग में होगी प्रथम विश्व योगासन प्रतियोगिता, झारखंड के खिलाड़ी दिखाएंगे कमाल


