Ranchi : रांची विश्वविद्यालय ने सत्र 2025–27 के पी.जी. व्यावसायिक (Vocational) और सेल्फ फाइनेंस कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र यूनिवर्सिटी के चांसलर पोर्टल https://jharkhanduniversities.nic.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं। यह पोर्टल विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, संस्थानों और संबद्ध कॉलेजों के लिए आवेदन जमा करने की सुविधा देता है।
एडमिशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया 17 दिसंबर से चालू है। आवेदन की अंतिम तिथि उन छात्रों के लिए निर्धारित की गई है जिनकी यूजी सेमेस्टर फोर या फाइनल परीक्षा के परिणाम आने के 15 दिन बाद तक होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि चयनित छात्रों की मेरिट लिस्ट जारी करने की तिथि बाद में सूचित की जाएगी। इसके अलावा, अगर सत्र शुरू होने के बाद भी कुछ सीटें खाली रहती हैं, तो नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी।
मेरिट लिस्ट में चयन के दौरान विश्वविद्यालय और राज्य सरकार के नियमों के अनुसार वेटेज दिया जाएगा। केवल झारखंड राज्य सरकार द्वारा मान्य प्रमाण पत्र रखने वाले अभ्यर्थी आरक्षण का लाभ ले पाएंगे। नामांकन के समय सभी मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी मूल प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने में असफल रहता है, तो उसका दावा स्वतः निरस्त माना जाएगा।
आवेदन और नामांकन शुल्क ऑनलाइन चांसलर पोर्टल के माध्यम से जमा किया जाएगा और राशि संबंधित कॉलेज या विभाग द्वारा तय की जाएगी। विश्वविद्यालय ने सभी इच्छुक छात्रों से समय पर आवेदन करने और पोर्टल पर उपलब्ध निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


