Deoghar : देवघर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक मरीज को रेफर कर दूसरी जगह इलाज के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में एंबुलेंस अचानक खराब हो गई। घटना के बाद मरीज और उसके परिजनों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। हालात ऐसे बन गए कि खराब पड़ी एंबुलेंस को दूसरी एंबुलेंस की मदद से रस्सी बांधकर गैरेज तक खींचकर ले जाना पड़ा। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जिस एंबुलेंस पर मरीजों की जान बचाने की जिम्मेदारी होती है, वही अगर बीच रास्ते में बंद हो जाए तो मरीजों की सुरक्षा कैसे होगी।
पहले भी खराब हो चुकी है एंबुलेंस
एंबुलेंस कर्मियों ने बताया कि संबंधित वाहन काफी पुराना हो चुका है। उसमें लगातार तकनीकी खराबियां आती रहती हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। कर्मचारियों का कहना है कि गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है, लेकिन खराब वाहनों की वजह से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर समय पर मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पाए तो उसकी जान भी खतरे में पड़ सकती है।
वेतन और पीएफ को लेकर भी नाराजगी
इधर एंबुलेंस कर्मियों ने वेतन भुगतान में देरी और पीएफ कटौती को लेकर भी नाराजगी जताई है। कर्मियों का आरोप है कि कई महीनों से वेतन लंबित है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि एक तरफ वे दिन-रात मरीजों की सेवा में लगे रहते हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें समय पर वेतन तक नहीं मिल रहा है। इससे कर्मियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने की व्यवस्था सुधारने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों और एंबुलेंस सेवाओं की स्थिति में जल्द सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब एंबुलेंसों को तुरंत बदला जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
Also Read : मेगा ब्लॉक से थमी रेल की रफ्तार, जसीडीह स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़


