झारखंड में बारिश को लेकर अलर्ट जारी, कई जिलों में बारिश की संभावना

रांची। राज्य में मानसून पूरी तरह फैल रहा है, कई हिस्सों में बादल छाए हैं । मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य में अच्छी बारिश की संभावना जाहिर की है। मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 जून को राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना बन रही है। एक तरफ मानसून ने गर्मी से राहत दी है तो दूसरी तरफ राज्य में वज्रपात का खतरा बढ़ा है। दो दिनों में वज्रपात से 25 लोगों की मौत हो गयी है।

राज्य में अगले 24 घटे में राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। झारखंड में मानसून अब धीरे – धीरे आगे बढ़ रही है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई है। राजधानी रांची में मौसम का मिजाज बदला है। आसमान में बादल छाए हैं। गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। अगले दो से तीन दिनों के अंदर इसके पूरे झारखंड में छाने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में अभी हर जगह बारिश होने की संभावना नजर आ रही है।

पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है।केवल पलामू प्रमंडल के जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि से अधिक चल रहा है राज्य के दूसरे हिस्सों में तापमान में गिरावट आयी है। चतरा में पिछले 24 घंटे में तीन डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गयी है। सबसे अधिक बारिश रांची के टाटीसिलवे में दर्ज की गयी है। यहां 44.3 मिमी बारिश हुई है। रामगढ़ में 11.8, गुमला बिशनपुर में 30, हजारीबाग बरही 20, सिमडेगा 21, साहिबगंज में 20 मिलीमीटर बारिश हुई दर्ज की गयी है। अगले पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है।