Hazaribagh : हजारीबाग की बेटी प्रियांशु कुमारी, जो मैट्रिक परीक्षा में संयुक्त रूप से टॉप स्थान पर रहीं, को आजसू पार्टी ने सम्मानित किया। शुक्रवार को पार्टी के महासचिव संजय मेहता, नेता और मयूरहंड प्रखंड अध्यक्ष सिकंदर मेहता उनके घर पहुँचे और उन्हें अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान टॉपर छात्रा का उत्साहवर्धन भी किया गया।
आगे की पढ़ाई और सपनों पर चर्चा
इस मौके पर महासचिव संजय मेहता ने घोषणा की कि प्रियांशु कुमारी जहाँ भी आगे पढ़ाई करना चाहेंगी और जिस भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चाहेंगी, पार्टी उनकी हर संभव मदद करेगी। बातचीत के दौरान प्रियांशु ने बताया कि वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई पीसीएम (PCM) स्ट्रीम से करना चाहती हैं और आगे स्नातक के साथ-साथ यूपीएससी की तैयारी करने का लक्ष्य रखती हैं। पार्टी की ओर से उन्हें इस दिशा में मार्गदर्शन और सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया।
साधारण परिवार से निकलकर बड़ी उपलब्धि
प्रियांशु कुमारी हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के लुपुंग गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता दिनेश्वर मेहता किसान हैं, जबकि माँ गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने के बावजूद प्रियांशु ने अपनी मेहनत और लगन से राज्य स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सम्मान समारोह के दौरान प्रियांशु के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे, जिनमें उनके पिता, माता, दादी, चाची, चाचा सहित अन्य परिजन शामिल थे। पूरे परिवार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई और बेटी की सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
Also Read : SAIL ने खोला प्रमोशन का रास्ता, 7000 कर्मचारियों को मिलेगा फायदा


