Chatra : कल रात हुए एयर एंबुलेंस हादसे में जान गंवाने वाले सभी सात लोगों के शव मंगलवार यानि आज सुबह सदर अस्पताल पहुंचाए गए। जैसे ही एंबुलेंस अस्पताल परिसर में दाखिल हुई, वहां का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा परिसर दहल उठा। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी पहुंच गए। हर किसी की आंखें नम थीं।
पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल टीम गठित
प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल टीम का गठन कर दिया है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अस्पताल के बाहर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
हादसे में किन-किन लोगों की गई जान
इस दर्दनाक हादसे में पायलट, सह-पायलट, एक चिकित्सक, मेडिकल कर्मी, मरीज और उसकी पत्नी समेत कुल सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों में डॉक्टर विकास कुमार भी शामिल हैं। वे बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मैनका गांव के रहने वाले थे। उनकी शुरुआती पढ़ाई चतरा में हुई थी। जैसे ही यह खबर वहां पहुंची, इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। लोग उन्हें मिलनसार और समर्पित डॉक्टर के रूप में याद कर रहे हैं।
शॉर्ट सर्किट में झुलसने के बाद दिल्ली ले जाया जा रहा था
हादसे में संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना कुमारी और भतीजा ध्रुव कुमार की भी मौत हुई है। संजय कुमार मूल रूप से लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले थे और डाल्टनगंज के सतबरवा में होटल चलाते थे। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट में झुलसने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार बेहतर इलाज की उम्मीद में निकला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
पूरे इलाके में शोक की लहर
जैसे-जैसे मृतकों की पहचान सामने आ रही है, वैसे-वैसे अलग-अलग इलाकों में मातम पसरता जा रहा है। गांवों और कस्बों में लोगों का तांता लगा है। हर कोई यही कह रहा है कि यह हादसा कई घरों की खुशियां एक साथ छीन ले गया। फिलहाल प्रशासन हादसे की जांच में जुटा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है।
Also Read : भोपाल–धनबाद के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू, रेल मंत्री और सीएम दिखाएंगे हरी झंडी


