Dhanbad : भोपाल से धनबाद के बीच नई ट्रेन सेवा मंगलवार यानि आज से शुरू हो रही है। भोपाल रेलवे स्टेशन पर शाम 7:30 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। रेल मंत्री इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। इसी मौके पर भोपाल–चोपन के लिए भी नई ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया जाएगा। इस नई कनेक्टिविटी से मध्यप्रदेश और झारखंड के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
उद्घाटन स्पेशल का शेड्यूल
उद्घाटन स्पेशल ट्रेन बुधवार शाम 7:20 बजे धनबाद पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 25 फरवरी को रात 11 बजे धनबाद से खुलेगी और अगले दिन रात 10:35 बजे भोपाल पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, स्पेशल ट्रेन के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। एक मार्च से धनबाद से सप्ताह में तीन दिन नियमित रूप से चलने वाली ट्रेन के लिए भी आरक्षण लिया जा रहा है। यात्रियों में नई सेवा को लेकर अच्छा उत्साह देखा जा रहा है।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
इस नई ट्रेन के शुरू होने से भोपाल और धनबाद के बीच सफर आसान हो जाएगा। अभी तक यात्रियों को सीधे कनेक्शन के लिए सीमित विकल्प मिलते थे। अब व्यापार, शिक्षा और पारिवारिक कारणों से आने-जाने वाले लोगों को सीधी और सुविधाजनक सेवा मिलेगी।
धनबाद स्टेशन पर छह नाबालिगों का रेस्क्यू
इस बीच धनबाद स्टेशन पर सोमवार को बड़ी कार्रवाई हुई। जसीडीह से वास्को द गामा जा रही साप्ताहिक ट्रेन से छह नाबालिगों को रेस्क्यू किया गया। बाल तस्करी की रोकथाम के लिए काम करने वाली संस्था झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट की सूचना पर आरपीएफ, रेल पुलिस और रेलवे चाइल्ड लाइन की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। ट्रेन के धनबाद स्टेशन पहुंचते ही सर्च ऑपरेशन किया गया और बच्चों को सुरक्षित उतारा गया।
बाल अधिकार कार्यकर्ता शंकर रवानी ने बताया कि बच्चों को मजदूरी के लिए ले जाए जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद एडीजी रेल और रेल पुलिस अधीक्षक को ई-मेल से सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी नाबालिग जसीडीह से सवार हुए थे और उन्हें काम कराने के लिए ले जाया जा रहा था। फिलहाल बच्चों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।
Also Read : दुमका में भोरे-भोर अखबार एजेंट को मारी गोली, डीआईजी ऑफिस के पास दिया वारदात को अंजाम


