Dumka : झारखंड की उपराजधानी दुमका में मंगलवार की सुबह अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। शहर के हाई-प्रोफाइल इलाके में, डीआईजी ऑफिस के बिल्कुल पास, अज्ञात हमलावरों ने बस स्टैंड एजेंट सह अखबार एजेंट अरुण सिंह को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सुबह-सुबह घात लगाकर हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, अरुण सिंह जब डीआईजी आवास के पास से गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वे वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
खून से लथपथ, पहले सदर अस्पताल फिर रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ अरुण सिंह को फौरन दुमका सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मिशन अस्पताल, दुर्गापुर रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
तीसरी बार जानलेवा हमला, गहरी साजिश की आशंका
हैरान करने वाली बात यह है कि अरुण सिंह पर यह तीसरा जानलेवा हमला है। इससे पहले भी दो बार उन पर हमला हो चुका है, जिनमें एक बार उन्हें गोली भी लगी थी। बार-बार एक ही शख्स को निशाना बनाए जाने से आपसी रंजिश या किसी गहरी साजिश की आशंका और पुख्ता हो रही है।
पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
डीआईजी ऑफिस जैसे संवेदनशील इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग डरे हुए हैं और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


