Dhanbad : सोनारडीह में हुए भूधसान के बाद धनबाद प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) लोकेश बारंगे के नेतृत्व में अवैध कोयला खनन और उससे जुड़ी गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन की इस सख्ती का असर साफ दिखा, जब एक साथ कई जगहों पर छापेमारी कर अवैध खनन पर चोट की गई।
किन-किन अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस पूरे अभियान में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम उतरी। माइनिंग विभाग के अधिकारियों के साथ बाघमारा अंचल अधिकारी गिरजनंद किस्कू भी मौजूद रहे। बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक सुधाकर प्रसाद, उमंग ठक्कर, अशोक कुमार और प्रेम शर्मा भी टीम का हिस्सा थे। वहीं कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
कई जगहों पर एक साथ छापेमारी
SDM के निर्देश पर गजली टांड, रामकनाली के सूर्य मंदिर इलाके और तेतुलमारी के खास सिजुआ समेत आधा दर्जन से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध रूप से निकाले गए कोयले और इस्तेमाल हो रहे वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब अवैध खनन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध मुहानों को भरने का आदेश
SDM लोकेश बारंगे ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जहां-जहां अवैध खनन के मुहाने हैं, उन्हें तुरंत भरवाया जाए। उन्होंने कहा कि हर कार्रवाई की फोटो और वीडियो के साथ रिपोर्ट तैयार कर जमा की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी और 100 प्रतिशत परिणाम चाहिए।
भूधसान के बाद बढ़ी सख्ती
सोनारडीह में हुए भूधसान ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। इस घटना के बाद अब अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाने की तैयारी है, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह सख्ती जारी रही तो इलाके में अवैध खनन पर काफी हद तक रोक लग सकती है।
Also Read : झारखंड को मिलेगी नई रेल सौगात, दो बड़े शहरों के बीच बिछेगी नई लाइन


