Ranchi : राज्य सरकार ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) नियमावली 2026 को फिलहाल रद्द नहीं किया है। इस नियमावली को मंजूरी के लिए कैबिनेट में रखा गया था, लेकिन भाषा को लेकर विवाद उठने के बाद प्रस्ताव को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर अब उच्च स्तर पर मंथन चल रहा है।
पहले ही जारी हो चुकी है नियमावली और विज्ञापन
दरअसल, मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद कैबिनेट की अंतिम स्वीकृति की प्रतीक्षा में ही नियमावली को अधिसूचित कर दिया गया था। इसके आधार पर झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने जेटेट परीक्षा का विज्ञापन भी जारी कर दिया है।
21 अप्रैल से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने न तो नियमावली रद्द की है और न ही आवेदन प्रक्रिया पर रोक लगाई है। ऐसे में तय कार्यक्रम के मुताबिक 21 अप्रैल से आवेदन शुरू हो जाएंगे।
भाषा सूची को लेकर बढ़ा विवाद
कैबिनेट बैठक में क्षेत्रीय भाषाओं की सूची में भोजपुरी और अंगिका को शामिल नहीं करने पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर और दीपिका पांडेय ने आपत्ति जताई। वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में इन भाषाओं को शामिल करने के विरोध की आवाज भी उठ रही है। इसी वजह से मामला उलझ गया है।
लंबे समय से नहीं हुई परीक्षा, अभ्यर्थी परेशान
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्पष्ट नियमावली बनाने और जेटेट परीक्षा जल्द कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 2016 के बाद से यह परीक्षा नहीं हुई है, जिससे लाखों अभ्यर्थी प्रभावित हो रहे हैं।
Also Read : झारखंड में शिक्षक भर्ती की तैयारी तेज, 3451 पदों के लिए परीक्षा तिथि घोषित


